अवैध खनन से निपटने के लिए प्रशासन ने खनिज वाहनों पर निगरानी कड़ी कर दी
चंडीगढ़, 11 मार्च (अभी): हरियाणा सरकार अवैध खनन के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है, खनन विभाग गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशन में खान एवं भूविज्ञान विभाग के महानिदेशक श्री के.एम. पांडुरंग स्वयं विभाग के कार्यों की निगरानी कर रहे हैं तथा आवश्यक निर्देश जारी कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य खनन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा अवैध खनन को समाप्त करना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि विभागीय जांच के तहत आज फरीदाबाद में टीम ने बिना ई-रवाना बिल के दो डंपर खनिज वाहनों को रोका। इसके अतिरिक्त बिल्लौच गांव के पास दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोका गया, जिनके कागजात चेक किए गए, तो उनके पास कोई बिल नहीं मिला। उन्होंने बताया कि चारों खनिज वाहनों को निर्धारित नियमों के अनुसार संबंधित थाने में जब्त कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार अवैध खनन से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का प्राथमिक लक्ष्य खनन गतिविधियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और प्राकृतिक संसाधनों के अनियंत्रित दोहन को रोकना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि अवैध खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।