04/08/26

संस्कृति मंत्रालय की राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता शुरू, युवा एवं विद्यार्थी बढ़-चढ़कर लें भाग

हरियाणा , 04 अगस्त (अभिकान्त) : संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’’ के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता शुरू हो गई है। mygov.in  के सहयोग से आयोजित यह राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता आगामी 15 सितंबर, 2026 तक चलेगी।

 

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता मंे युवाओं, स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों तथा आम नागरिक अधिक से अधिक संख्या में भाग ले सकते हैं। यह प्रतियोगिता केवल एक ऑनलाइन क्विज नहीं, बल्कि देश के इतिहास के महत्वपूर्ण अध्याय को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि भारत विभाजन के दौरान लाखों लोगों ने जिन कठिन परिस्थितियों का सामना किया, उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझना आज की युवा पीढ़ी के लिए आवश्यक है। इस प्रकार की पहल युवाओं में इतिहास के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करेगी।

 

उन्होंने बताया कि सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकगण विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने में सहयोग करें।

 

प्रवक्ता ने बताया कि प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क है तथा इसमें सभी भारतीय नागरिक भाग ले सकते हैं। यह एक समयबद्ध ऑनलाइन क्विज होगी, जिसमें सफलतापूर्वक भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को MyGov की ओर से डिजिटल ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।इच्छुक प्रतिभागी क्विज डॉट माईजीओवी डॉट इन पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।

Previous

नूंह के गांव दादू में नया राजकीय नर्सिंग कॉलेज को मिली मंजूरी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात

Next

रेवाड़ी में तीन रेलवे फाटकों के स्थान पर बनेगा एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज, यातायात होगा सुगम और सुरक्षित