26/02/26

करनाल: NH-44 पर ट्राले और आइसक्रीम ट्रक में जोरदार भिड़ंत, बाल-बाल बची चालक की जान

हरियाणा/करनाल,26 फरवरी (अन्‍नू): हरियाणा के करनाल में बलड़ी बाईपास के समीप नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ सर्विस रोड से मुख्य हाईवे पर चढ़ रहे एक ट्राले और हिमाचल से आ रहे आइसक्रीम से लदे ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के केबिन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

सर्विस रोड से हाईवे पर चढ़ते वक्त हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक रघु आइसक्रीम की खेप लेकर हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ से मानेसर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह करनाल के बलड़ी बाईपास के पास पहुँचा, अचानक एक ट्राला सर्विस रोड से हाईवे की ओर मुड़ा। रफ़्तार अधिक होने के कारण ट्रक सीधे ट्राले के पिछले हिस्से से जा टकराया। गनीमत यह रही कि टक्कर कंडक्टर साइड की ओर हुई, जिससे चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।

सड़क पर लगा लंबा जाम, ट्राला चालक फरार हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रक में भरी आइसक्रीम भी खराब होने की आशंका जताई गई है। ट्रक ड्राइवर रघु ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्राला चालक कुछ देर के लिए नीचे उतरा, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख वह मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क के किनारे करवाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत प्राप्त होते ही फरार चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

#KarnalNews #HighwayAccident #NH44 #TruckCrash #RoadSafety #HaryanaNews #IceCreamTruck #TrafficUpdate #BaldiBypass #BreakingNews

Previous

अम्बाला: शहजादपुर में अवैध कॉलोनी पर चला पीला पंजा, 3 एकड़ में फैली सड़कों और नीवों को किया गया ध्वस्त

Next

दिल्ली: लाहौरी गेट में चलते ट्रक से 'फिल्म स्टाइल' में इलायची चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश; पुलिस ने तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार