कांवड़ मेला 2026: दिल्ली-शामली MEMU ट्रेन का हरिद्वार तक विस्तार; श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
नई दिल्ली , 29 जुलाई (अभिकान्त) : कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सहूलियत और ट्रेनों में बढ़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। उत्तर रेलवे ने पुरानी दिल्ली से शामली के बीच चलने वाली एमईएमयू (MEMU) ट्रेन संख्या 64033/64034 का विस्तार हरिद्वार तक करने का निर्णय लिया है।
रेलवे के इस फैसले से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली व आसपास के क्षेत्रों से हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों व दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
पुरानी दिल्ली से हरिद्वार (ट्रेन सं. 64033): यह ट्रेन 29 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक हरिद्वार तक चलाई जाएगी। यह अपने निर्धारित समय के अनुसार शाम 4:25 बजे पुरानी दिल्ली से रवाना होगी और शाम 7:00 बजे शामली पहुंचेगी। शामली से शाम 7:05 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन रात 11:00 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
हरिद्वार से पुरानी दिल्ली (ट्रेन सं. 64034): वापसी दिशा में यह ट्रेन 30 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक संचालित होगी। यह हरिद्वार से सुबह 4:00 बजे रवाना होकर सुबह 6:55 बजे शामली पहुंचेगी। इसके बाद शामली से सुबह 7:00 बजे चलकर पूर्वाह्न 10:10 बजे पुरानी दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी।
शामली से हरिद्वार के बीच इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यात्रियों की सुविधा के लिए शामली से हरिद्वार के बीच ट्रेन का ठहराव कई छोटे-बड़े स्टेशनों और हाल्ट्स पर तय किया गया है। ट्रेन दोनों दिशाओं में सिलावर, हिंद, उस्मानपुर देहात हाल्ट, हरहर फतेहपुर, थाना भवन टाउन, थाना भवन, ननौता, सोना अर्जुनपुर, रामपुर मनिहारान, भनकाला हाल्ट, जंधेरा हाल्ट, मनानी, टपरी, रुड़की और ज्वालापुर स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे प्रशासन के इस कदम से कांवड़ मेले के दौरान दिल्ली-सहारनपुर-हरिद्वार मार्ग पर यात्रियों का सफर बेहद आसान और सुगम हो जाएगा।
#KanwarYatra2026 #IndianRailways #NorthernRailway #DelhiToHaridwar #Shamli #KanwarMela #TrainUpdate #DanikKhabar
Previous
नेशनल हाईवे पर हुए अतिक्रमण को हटाकर सुरक्षा बहाल करना
Next