हरियाणा राजभवन में हुआ होली मिलन समारोह का आयोजन
चंडीगढ़, 14 मार्च (अभी): हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने वीरवार को हरियाणा राजभवन में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान प्रदेशवासियों को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। साथ ही ईश्वर से कामना की कि रंगों का यह पर्व हर प्रदेशवासी के मन में नए उत्साह, उल्लास और ऊर्जा का संचार करे। इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण लाल मिढा, विधायक, पूर्व विधायक, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, चंडीगढ़ में सलाहकार राजीव वर्मा, पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, अनेक प्रशासनिक अधिकारीगण, विभिन्न आयोग व बोर्ड के चेयरमैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।राज्यपाल ने मुख्यमंत्री व अन्य सभी अधिकारियों को गुलाल लगाकर व पुष्प बरसाकर होली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी कर्मचारियों को भी तिलक लगाकर इस पावन पर्व की बधाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गान के साथ हुई और इसके बाद कला एवं सांस्कृति विभाग की ओर से संगीतमय कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।