हिमाचल प्रदेश : कांस्टेबल भर्ती में नकल के दावों को लोक सेवा आयोग ने नकारा
हिमाचल, 21 जून (अभी): हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 15 जून को आयोजित पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में धोखाधड़ी और अनुचित साधनों के उपयोग के आरोपों का खंडन किया है। शनिवार को जारी बयान में आयोग की ओर कहा गया कि जिला प्रशासन के सक्रिय समर्थन से राज्य के विभिन्न केंद्रों पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के संचालन के दौरान ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तलाशी, सीसीटीवी निगरानी और सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल सहित सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन किया गया था।
आयोग के अनुसार इन उपायों के बावजूद अनंतिम उत्तर कुंजी के प्रकाशन के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धोखाधड़ी/नकल के कुछ असत्यापित दावे सामने आए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि आरोपों की गहन जांच चल रही है, जिसमें परीक्षा केंद्रों से सीसीटीवी फुटेज और फील्ड रिपोर्ट की जांच शामिल है। हालांकि, अभी तक किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई सबूत नहीं मिला है। जिला प्रशासन, केंद्र पर्यवेक्षकों या निरीक्षण अधिकारियों से धोखाधड़ी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
आयोग ने गलत सूचना फैलाने की निंदा की है और कहा है कि आयोग की छवि खराब करने के उद्देश्य से आधारहीन और भ्रामक जानकारी फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए आयोग ने वास्तविक शिकायतों वाले उम्मीदवारों को सीधे आयोग से संपर्क करने के लिए कहा है। आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों की उचित जांच की जाएगी और जहां भी आवश्यक होगा, कार्रवाई की जाएगी।