कनाडा से आई हृदयविदारक खबर: 5 फरवरी को घर लौटने की थी तैयारी, मोगा के 26 वर्षीय सुखजिंदर की हार्ट अटैक से मौत
पंजाब/लुधियाना 31 जनवरी(अन्नू) : सुनहरे भविष्य का सपना लेकर सात समंदर पार कनाडा गए पंजाब के युवाओं के लिए पिछला कुछ समय बेहद दर्दनाक साबित हुआ है। मोगा जिले के गांव तखानवद के रहने वाले 26 वर्षीय सुखजिंदर सिंह की कनाडा के ब्रैम्पटन में दिल का दौरा पड़ने से दुखद मृत्यु हो गई। सुखजिंदर तीन साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गया था और संघर्ष के लंबे दौर के बाद उसे कुछ ही दिन पहले वर्क परमिट हासिल हुआ था।
सुखजिंदर के घर लौटने की तैयारियां जोरों पर थीं। पूर्व फौजी पिता कैप्टन रेशम सिंह ने बताया कि उनके बेटे ने 5 फरवरी की टिकट बुक करवा ली थी और फोन पर अपनी मां से आखिरी बार बात करते हुए घर आने का वादा किया था। हालांकि, होनी को कुछ और ही मंजूर था; अचानक तबीयत बिगड़ने पर सुखजिंदर अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सुखजिंदर की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
#CanadaDiaries #PunjabNews #Tragedy #HeartAttack #Moga #Ludhiana #PunjabiYouth #Brampton #Calgary #ImmigrationNews #BreakingNews #SadDemise