26/04/26

हरियाणा HCS प्रारंभिक परीक्षा: आज 8 जिलों के 337 केंद्रों पर 93 हजार से अधिक अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

अभिकान्त, 26 अप्रैल हरियाणा : हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) और अन्य संबद्ध सेवाओं के 102 पदों के लिए रविवार को प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए प्रदेश के 8 प्रमुख जिलों—अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, यमुनानगर और पंचकूला में कुल 337 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस परीक्षा के लिए कुल 93,696 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी, जिसमें सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन का पहला पेपर होगा, जबकि दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक दूसरे सत्र में सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूड टेस्ट (सीसैट) की परीक्षा संपन्न होगी।

परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा लोक सेवा आयोग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का आधार ऑथेंटिकेशन के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। साथ ही, केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम के आसपास धारा-144 लागू कर दी गई है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि परीक्षा के दौरान बिजली की कटौती न हो और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला मुख्यालयों पर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। आयोग के सचिव मुकेश कुमार आहूजा ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया को अत्यंत पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा रहा है, जिसकी निगरानी स्वयं नोडल अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से एचसीएस के 24 और डीएसपी के 8 पदों सहित आबकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार जैसे कुल 102 राजपत्रित पदों को भरा जाना है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा 27 से 29 जून तक आयोजित की जाएगी, जबकि साक्षात्कार अगस्त या सितंबर के महीने में प्रस्तावित हैं।

#Haryana #HCSExam2026 #HPSC #CivilServices #HaryanaNews #EducationUpdate #HCSPrelims #DainikKhabar #ExamAlert #GovernmentJobs #DANIKKHABAR

Previous

अंबाला में सफाई कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन जारी: 'झाड़ू प्रदर्शन' कर सरकार को दी चेतावनी

Next

अंबाला: अमोलक पब्लिक स्कूल में नए क्रिकेट टर्फ का आगाज़: खेल संस्कृति को मिलेगा नया आयाम