15/03/25

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रबंधन विषय पर वीसी के  माध्यम से उपायुक्तों एवं सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक की

अम्बाला, 15 मार्च (अभी): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाढ़ प्रबंधन के दृष्टिगत जो परियोजनाएं स्वीकृत की जाती हैं, उन परियोजनाओं को समय रहते पूरी गुणवत्ता के साथ करना सुनिश्चित करें और इन परियोजनाओं के कार्य प्रगति संबधी फोटो भी पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को चण्डीगढ़ हरियाणा निवास से आयोजित हरियाणा राज्य सुखा राहत एवं बाढ़ प्रबंधन विषय पर वीसी के  माध्यम से उपायुक्तों एवं सम्बन्धित अधिकारियों से चर्चा उपरांत आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।


मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस विषय पर सम्बन्धित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो भी परियोजनाएं बाढ़ प्रबंधन के तहत स्वीकृत हुई हैं वह समय रहते पूरी होनी चाहिए ताकि वर्षा के दिनों मे जल भराव की स्थिति उत्पन्न न हो सके। इसके साथ-साथ उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि वह इन परियोजनाओं के तहत समय-समय पर इनका जायजा भी लें ताकि पूरी गुणवत्ता के  साथ कार्यों को पूरा किया जा सके। वीसी के माध्यम से उन्होंने बाढ़ प्रबंधन के तहत वर्ष 2024 में जो परियोजनाएं स्वीकृत की गई थी उनकी विस्तार से समीक्षा भी की।
वीसी के दौरान उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाते हुए बताया कि इस वर्ष सिंचाई विभाग के माध्यम से जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए 15 परियोजनाएं बनाई गई हैं जिनमें 12 शॉर्ट टर्म की है तथा 3 मीडियम टर्म की हैं। मुख्यमंत्री ने शॉर्ट टर्म से सम्बन्धित जो परियोजनाओं की रूपरेखा बनाई गई है उसकी जानकारी ली। सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता मनीषा भारद्वाज ने बताया कि 12 शॉर्ट टर्म योजनाओं के तहत जहां पर पिछले वर्ष या उससे पहले भारी वर्षा के होने से या पहाड़ी क्षेत्र से पानी आने के चलते कुछ बांध कमजोर हो गए थे जिन्हें रिपेयर किया जाना हैं और अन्य कुछ कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के तहत जिनमें टंागरी नदी के पास बांध को दोनों तरफ मजबूत किया जाना व बिचपड़ी, नग्गल, मर्दोंसाहिब के पास बांध को रिपेयर करने के साथ-साथ अन्य कार्यों को किया जाना है।  इसके साथ-साथ वर्ष 2024 में वर्षा के चलते इंडस्ट्रीयल एरिया में भी पानी आ गया था, वहां पर भी जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए परियोजना के तहत कार्य किए जा रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने सभी सम्बन्धित को स्पष्ट किया कि जल बाढ़ प्रबंधन से सम्बन्धित जो भी कार्य किए जाने हैं वह सभी समय रहते होने चाहिएं। वीसी को देखने और सुनने के उपरांत उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने सम्बन्धित अधिकारियों की एक बैठक लेते हुए उन्हें कहा कि वीसी में जो दिशा-निर्देश मिले हैं उनकी अनुपालना के तहत सभी कार्य समय रहते होने सुनिश्चित होने चाहिए। उन्होने यह भी कहा कि सम्बन्धित विभाग के उच्च अधिकारीगण समय-समय पर इन कार्यों का जायजा लेते हुए उसकी गुणवत्ता को भी चैक करें, मकसद परियोजनाओं को समय रहते पूरा करवाना है ताकि आमजन को जल भराव की स्थिति का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों भी कहा कि सीवरेज प्रणाली के तहत सभी कार्यों को दुरूस्त रखें ताकि वर्षा के दिनों में जल भराव की स्थिति का सामना न करना पड़े।


इस मौके पर सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता मनीष भारद्वाज, कार्यकारी अभियंता कृष्ण भुक्कल, कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार, कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग हरबंस सिंह, कार्यकारी अभियंता कर्णबीर सिंह के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

Previous

विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस 2025 का आयोजन

Next

यमुनानगर में अवैध खनन पर 27 वाहनों का चालान, 2.88 लाख रुपये जुर्माना