एक लाख रुपये की दहलीज पर पहुंचा सोना, कमजोर डॉलर और अमेरिका-चीन टैरिफ युद्ध के बीच और बढ़ी दमक
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (अभी): कमजोर डॉलर और अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध से बढ़ी अनिश्चितताओं के कारण मांग बढ़ने से दिल्ली में सोमवार को सोने की कीमत एक लाख रुपये की दहलीज पर पहुंच गई। सोने का भाव 1,650 रुपये की तेजी के साथ एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब आ गया है।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव सोमवार को 99,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। शुक्रवार को इसका भाव 20 रुपये घटकर 98,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इस वर्ष अब तक पीली धातु की कीमतें पिछले वर्ष 31 दिसंबर से 20,850 रुपये या 26.41 प्रतिशत प्रति 10 ग्राम बढ़ चुकी हैं। चांदी की कीमत भी 500 रुपये बढ़कर 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। शुक्रवार को चांदी की कीमत 98,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना हाजिर 3,397.18 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंच गया। बाद में इसमें कुछ सुधार आया और यह 3,393.49 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वैश्विक स्तर पर सोने का वायदा भाव पहली बार 3,400 डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया और इसमें 80 डॉलर प्रति औंस या 2.4 प्रतिशत की तेजी आई।
जानकारों के अनुसार "सोने की कीमतों में सकारात्मक तेजी जारी रही और यह 3,400 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस से ऊपर पहुंच गई। व्यापार शुल्क संबंधी अनिश्चितता, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और ट्रेजरी प्रतिफल में वृद्धि से सोने को उछाल मिल रहा है।"
कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च की एवीपी कायनात चैनवाला ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के तीन साल के निचले स्तर पर पहुंचने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल को हटाने की धमकी के बाद सुरक्षित निवेश के लिए सोने की मांग बढ़ी है। एशियाई बाजार में हाजिर चांदी करीब 1 प्रतिशत बढ़कर 32.85 डॉलर प्रति औंस हो गई।