जीएमएन कॉलेज में NEP-2020 पर आयोजित 8-दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम में 'सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी' पर मंथन
जे कुमार अंबाला कैंट, 22 अगस्त 2026 : गांधी मेमोरियल नेशनल (जीएमएन) कॉलेज, अंबाला कैंट द्वारा यूजीसी-एमएमटीटीसी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सौजन्य से आयोजित 36वें 8-दिवसीय ऑनलाइन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 संवेदनशीलता एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम के तहत "सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी" विषय पर गहन विचार-विमर्श संपन्न हुआ। इस ऑनलाइन सत्र में देशभर से 60 से अधिक शिक्षाविदों और प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ज्योति सौरौत के स्वागत संबोधन से हुई, जिन्होंने प्रतिभागियों को पूर्व में आयोजित 'विद्यार्थी विविधता एवं समावेशन' और 'शैक्षणिक नेतृत्व' जैसे सत्रों की प्रगति से अवगत कराया। इसके बाद कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने अपने संदेश में कहा कि NEP-2020 के तहत ICT शिक्षा को अधिक समावेशी, सुलभ और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने का प्रभावी जरिया है। उन्होंने शिक्षकों से तकनीक का उपयोग विवेकपूर्ण और जिम्मेदारी से करने का आह्वान किया।
शिक्षण में AI का उत्तरदायित्वपूर्ण प्रयोग:
प्रथम सत्र में जीजेयू, हिसार की सहायक प्रोफेसर डॉ. अनुपमा सांगवान ने “शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग” पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि AI का उपयोग पाठ योजना, अध्ययन सामग्री तैयार करने और मूल्यांकन में किया जा सकता है, लेकिन यह कभी भी शिक्षक का विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने AI के प्रयोग में मानवीय मूल्यों और नैतिकता को सर्वोपरि रखने की बात कही।
द्वितीय सत्र में हंसराज कॉलेज, नई दिल्ली के सहायक प्रोफेसर डॉ. आशुतोष यादव ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, ब्लेंडेड लर्निंग और तकनीक-आधारित शिक्षण पद्धतियों पर मार्गदर्शन दिया। अंत में आयोजकों द्वारा विशेषज्ञों के अमूल्य मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।
#AmbalaNews #GMNCollege #AmbalaCantt #NEP2020 #ICTinEducation #HigherEducation #KUK #AmbalaUpdate #HaryanaEducation
Previous
पलवल: जिला सड़क सुरक्षा समिति व सुरक्षित वाहन पॉलिसी की बैठक 27 अगस्त को; उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर करेंगे अध्यक्षता
Next