18/03/25

अनाज मण्ड़ी नारायणगढ़ में खुली अटल किसान मजूदर कैंटीन, पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी द्वारा किया गया शुभारम्भ


नारायणगढ़/अम्बाला 18 मार्च(अभी) : अनाज मण्ड़ी नारायणगढ़ में आज अटल किसान मजूदर कैंटीन खोली गई है जिसका शुभारम्भ पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी द्वारा किया गया। यह कैंटीन हरियाणा राज्य कृषि विपण मण्डल के सहयोग से खोली गई है।

इस कैंटीन में 10 रूपये में शुद्ध खाना मिलेगा। कैंटीन का संचालन महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप द्वारा किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा 15 रूपये की सब्सिडी दी जाएगी। डॉ. पवन सैनी ने कैंटीन का संचालन करने वाली सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिला सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके द्वारा तैयार किये गये खाने को चख कर भी देखा और उसकी सराहना की।


पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने अटल किसान मजूदर कैंटीन के शुभारम्भ अवसर पर कहा कि इससे मण्डी में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों, मजदूरों तथा आढतियों सहित अन्य लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होने कहा कि सीजन के दौरान जब किसान अपनी उपज बेचने मण्डी में आते है तो कई बार मण्डी में काफी देर तक रूकना पड़ता है ऐसे में उनके सामने खाने की समस्या आ जाती है, यह कैंटीन खुलने से उन्हें मात्र 10 रूपये में भरपेट भोजन मिल पाएगा और मण्डी से बाहर जाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।


डॉ. पवन सैनी ने कहा कि लाडवा में तो उन्होने पहले ही इस प्रकार की कैंटीन खुलवाई हुई है जिसका लाभ वहां के किसानों, मजदूरों तथा आढतियों के अलावा अन्य लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों व मजदूरों के लिए लगातार काम कर रही है।


मार्किट कमेटी के सचिव अखिलेश शर्मा ने बताया कि इस कैंटीन के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर मार्किट कमेटी द्वारा उपलब्ध करवाया गया है। कैंटीन के खुलने से किसानों, आढतियों, मजदूरों तथा अन्य लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अटल किसान मजूदर कैंटीन सुचारू रूप से चले इसके लिए मार्किट कमेटी द्वारा सुविधाएं तथा व्यवस्थाएं की गई है। उन्होने कहा कि सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक कैंटीन में खाना मिलेगा। सेल्फ हेल्प ग्रुप को मार्केट कमेटी की ओर से प्रति थाली 15 रूपये की सब्सिडी दी जाएगी।

कैंटीन में खाना खाने के लिए व्यक्ति को पहले 10 रूपये देकर टोकन लेना होगा। कैंटीन के लिए किचन का सामान, फर्नीचर सहित अन्य सामान मार्किट कमेटी द्वारा उपलब्ध करवाया गया है।  


हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला सेल्फ हेल्प ग्रुपों के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर गुलशन कुमार ने बताया कि अटल किसान मजदूर कैंटीन का संचालन संगम और सवेरा कलस्टर से जुड़ी सेल्फ हेल्प ग्रुप की 6 महिला सदस्य सीमा, कमलेश, आंचल, मिथलेश, रानी तथा पूजा द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि  कैंटीन का संचालन करने वाली महिलाओं ने पहले इन्स्टीयूट ऑफ होटल मैजमैंट भम्बोली (यमुनानगर) से एक सप्ताह की ट्रेनिग दिलवाई गई है।

Previous

प्रदेश का लिंगानुपात जो 2015 में 835 था आज बढ़कर 910 हो गया है- मुख्यमंत्री

Next

गांव बोह में लगभग 2 एकड़ में अवैध कालोनियों में बनी सडक़ों के जाल को पूर्णतया धवस्त किया