17/04/25

नशे को पूरी तरह से खत्म करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा- शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

चंडीगढ़, 17 अप्रैल (अभी) - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह के मार्गदर्शन में नशा मुक्त हरियाणा के लिए साइक्लोथॉन 2.0 यात्रा का पानीपत जिले में जोरदार स्वागत हुआ। शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने साइक्लोथॉन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर आगे की यात्रा के लिए रवाना किया। उन्होंने नशे के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 84 गांवों की पंचायतों के प्रतिनिधियों को प्रशंसा पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया।

 

इस अवसर पर मंत्री ने ओलंपिक पहलवान सीमा बिस्ला और राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता पूजा गहलावत को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी आयोजकों, खिलाड़ियों और कॉलेज के छात्रों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।

 

शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार नशे को जड़ से खत्म करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चला रही है। साइक्लोथॉन यात्रा जहां-जहां से गुजरेगी, वहां-वहां नशा मुक्त समाज का संदेश पहुंचाएगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे आएं और इस मुहिम का हिस्सा बनें।

 

उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान के तहत विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए साइक्लोथॉन यात्रा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया, पुलिस अधीक्षक श्री लोकेंद्र सिंह तथा पानीपत के एसडीएम श्री ब्रह्म प्रकाश भी उपस्थित रहे।

Previous

आज के मुख्य समाचार और इतिहास

Next

हरियाणा स्कूलों में विद्यार्थियों को योग सिखाने के लिए योग सहायकों की नियुक्ति करेगा