हर व्यक्ति की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करवाएं - स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा मंत्री आरती सिंह राव
चंडीगढ़, 09 अप्रैल (अभी) - हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक के 13 एजेंडों में से 12 शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हर व्यक्ति की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करें।
कुमारी आरती सिंह राव आज जिला पलवल में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।
बैठक में पलवल की ज्योति शर्मा ने शिकायत दी कि उनकी जमीन पर हैफेड व वेयर हाउस का कब्जा है। उनकी शिकायत की सुनवाई करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रार्थी की जमीन का कब्जा उन्हें दिलाया जाए। इसके लिए उन्होंने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करवाकर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिया कि उन्हें पूर्ण न्याय दिलाया जाएगा। साथ ही उन्होंने मामले की पूर्ण जांच के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य मंत्री ने सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग सहित अन्य कई विभागों से संबंधित शिकायतों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए तुरंत समाधान के निर्देश दिए।