14/06/25

बालाघाट के जंगल में तीन महिलाओं समेत चार नक्सली ढेर, ग्रेनेड लॉन्चर समेत अन्य हथियार बरामद

नई दिल्ली, 14 जून (अभी): मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में पुलिस और हॉक फोर्स ने चार नक्सली को मार गिराया। इनमें तीन महिला और एक पुरुष शामिल हैं। यह कार्रवाई शनिवार को नक्सल प्रभावित बिठली पुलिस चौकी क्षेत्र के पचामा दादर के घने जंगल में हुई। पुलिस और हॉक फोर्स की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। नक्सलियों और पुलिस की मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि पचामा दादर के घने जंगलों में नक्सली अपनी गतिविधों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना पर सुरक्षाबलों ने क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की। इस कार्रवाई में चार नक्सली ढेर हो गए। मारे गए नक्सलियों के पास से ग्रेनेड लॉन्चर, एसएलआर, चार रायफल सहित अन्य हथियार और सामग्री बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि मारे गए सभी नक्सली जीआरबी (गोंदिया-राजनांदगांव-बालाघाट) डिवीजन से जुड़े थे।

बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि मुठभेड़ के बाद जंगल में सर्ज ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जंगल में अन्य नक्सलियों के भी होने की आशंका है,  करीब 25 टीमें तलाशी अभियान में लगी हुईं हैं।   

हाल ही में बालाघाट के नए पुलिस अधीक्षक का पदभार संभालने वाले आदित्य मिश्रा ने मिशन 2026 के तहत नक्सलियों के खात्मे को अपनी प्राथमिकता बताया था। पदभार ग्रहण के एक सप्ताह के भीतर ही इस बड़ी कार्रवाई को उनकी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

बता दें कि 19 फरवरी 2025 को भी बालाघाट पुलिस ने कान्हा के सूपखार फॉरेस्ट क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान चार महिला नक्सलियों को ढेर किया था। इनमें आशा, शीला, रंजीता और लख्खे मरावी शामिल थीं। इन चारों पर 62 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

Previous

हरियाणा में फरीदाबाद और गुरुग्राम में स्थापित होंगे अत्याधुनिक हरित कोयला संयंत्र : शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल

Next

ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने नई दिल्ली में केन्द्रीय ऊर्जा और आवासन एवं शहरी मामले मंत्री श्री मनोहर लाल से की मुलाकात