आईएसबीटी पर दुकानों में तब्दील होंगी पुरानी बसें, कश्मीरी गेट बस अड्डे से पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत
नई दिल्ली,07 जून (अभी): दिल्ली में अब पुरानी बसें सिर्फ यादों का हिस्सा नहीं रहेंगी, बल्कि वे कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर चमचमाती दुकानों में तब्दील होंगी। दिल्ली परिवहन अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (डीटीआईडीसी) ने पुरानी बसों को व्यावसायिक उपयोग के लिए लाइसेंस देने का फैसला लिया है।
साथ ही, सिविल लाइंस और शालीमार बाग में बस क्यू शेल्टरों का कायाकल्प करने की योजना भी शुरू की गई है। ये पहल न केवल दिल्लीवासियों को नए व्यावसायिक अवसर देगी, बल्कि यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं भी सुनिश्चित करेगी।
कश्मीरी गेट आईएसबीटी नए रंग-रूप में नजर आएगा। डीटीआईडीसी ने यहां खड़ी पुरानी बसों के अगले और पिछले हिस्से में दुकानों को व्यावसायिक उपयोग के लिए लाइसेंस देने का निर्णय लिया है। फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तहत एक बस के अगले हिस्से में दुकान ए और पिछले हिस्से में दुकान बी खोली जाएंगी।