दिल्ली से लुधियाना के लिए हवाई सेवा शुरू: अब IGI एयरपोर्ट बनेगा पंजाब के औद्योगिक केंद्र का 'ग्लोबल गेटवे'

अभिकान्त, 15 मई नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली और पंजाब के प्रमुख औद्योगिक केंद्र लुधियाना के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। एअर इंडिया ने शुक्रवार यानि आज से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट और लुधियाना के नवनिर्मित हलवारा एयरपोर्ट के बीच अपनी नियमित विमान सेवा का सफल शुभारंभ कर दिया है। इस नई हवाई सेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा, जिससे विशेष रूप से व्यापारियों, उद्यमियों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह हवाई सेवा लुधियाना और आसपास के निवासियों के लिए केवल दिल्ली तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह उनके लिए वैश्विक स्तर पर जुड़ने का एक सीधा माध्यम बनेगी। एअर इंडिया के आधिकारिक बयान के अनुसार, लुधियाना (हलवारा) से आने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली का आईजीआई एयरपोर्ट अब एक 'ग्लोबल गेटवे' के रूप में काम करेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि हलवारा से दिल्ली पहुंचने वाले यात्री बिना किसी परेशानी के उसी टर्मिनल से लंदन, पेरिस, रोम और मिलान जैसे दुनिया के प्रमुख शहरों के लिए आसानी से अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ सकेंगे। यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए टर्मिनल बदलने की झंझट से मुक्ति मिलेगी, जिससे उनका सफर अधिक सुगम और आरामदायक हो जाएगा।

नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि हलवारा एयरपोर्ट से इस कमर्शियल उड़ान की शुरुआत होने से पंजाब के औद्योगिक विकास को एक नई गति मिलेगी। लुधियाना को पंजाब की आर्थिक राजधानी कहा जाता है, और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीधे जुड़ाव न होने के कारण यहाँ के कपड़ा, साइकिल और अन्य भारी उद्योगों से जुड़े व्यापारियों को दिल्ली या अमृतसर तक का लंबा सफर सड़क मार्ग से तय करना पड़ता था। एअर इंडिया की इस पहल से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि वैश्विक बाजारों के साथ व्यापारिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने में भी मदद मिलेगी।

#DelhiToLudhianaFlight #HalwaraAirport #AirIndia #IGIAirport #PunjabAviation #LudhianaNews #GlobalGateway #TravelUpdate #DelhiLudhianaConnectivity #BusinessTravel #Danikkhabar

Previous

कुआलालम्पुर से हैदराबाद आ रहे मलेशियाई विमान की नागपुर में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

Next

NCR की नई रफ़्तार: 11,200 करोड़ की लागत से तैयार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पीएम मोदी 28 मार्च को करेंगे शुभारंभ