05/04/25

आईजीआई एयरपोर्ट पर लगाया जा रहा फुल बॉडी स्कैनर, तीन सेकंड में कर लेगा सुरक्षा जांच; अगले महीने शुरू होगा ट्रायल

नई दिल्ली, 05 अप्रैल (अभी): इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर मई से उन्नत फुल बॉडी स्कैनर का परीक्षण शुरू होगा। इसके लिए दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) और नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने नवीनतम दिशा।


डीआईएएल के एक अधिकारी के अनुसार, चार अत्याधुनिक स्कैनर खरीदे गए हैं, जिनमें से दो टर्मिनल एक पर तथा दो टर्मिनल तीन पर लगाए गए हैं। साथ ही, डीआईएएल ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि इन मशीनों के लिए आईटी इंटरफेस को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


इसमें एक महत्वपूर्ण बात यह है कि इन स्कैनरों को यात्रियों की आवाजाही में तेजी लाने के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे प्रतीक्षा समय कम होने के साथ हवाई अड्डे पर अधिक सहज अनुभव सुनिश्चित होता है।


ये उन्नत स्कैनर विस्फोटकों सहित धातु और गैर-धातु दोनों प्रकार के खतरों का पता लगाते हैं, जो पारंपरिक धातु डिटेक्टरों की तुलना में काफी बेहतर हैं। डीआईएएल ने कहा कि यह प्रौद्योगिकी अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर पहले से ही प्रयोग में है, जिससे तीव्र स्क्रीनिंग संभव है, प्रत्येक स्कैन में केवल तीन सेकंड का समय लगता है और प्रति घंटे अधिकतम 1,200 स्कैन किए जा सकते हैं।


इस पहल पर डीआईएएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि दिल्ली हवाई अड्डा सुरक्षा बढ़ाने तथा यात्रियों को निर्बाध अनुभव सुनिश्चित करने के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी का उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन बॉडी स्कैनर का आगमन सुरक्षा जांच में एक क्रांतिकारी परिवर्तन है, जिससे गोपनीयता से समझौता किए बिना तीव्र और अधिक प्रभावी जांच संभव हो सकेगी।


सभी स्कैन डेटा को सुरक्षित रूप से संग्रहीत किया जाता है और अधिकृत एजेंसियों तक ही पहुंच सीमित होती है, जिससे यात्रियों के लिए सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित होती है।

Previous

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल यमुनानगर में कार्यक्रम को लेकर अम्बाला छावनी से सैकड़ों कार्यकर्ता रवाना होंगे : ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज

Next

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने गाया देश भक्ति का गीत, आप भी सुनिए....