09/08/26

अमृतसर सीमा के दाउके गांव पर BSF ने संदिग्ध घुसपैठिया किया ढेर; भारतीय क्षेत्र में घुसने की कर रहा था कोशिश

अभिकान्त , 09 अगस्त अमृतसर: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए एक संदिग्ध घुसपैठिए को मार गिराया है। यह कार्रवाई थाना घरिंडा के अधीन आते सीमावर्ती गांव दाउके के पास कंटीली तार (Border Fencing) के समीप शनिवार को अंजाम दी गई।

जानकारी के अनुसार, बीएसएफ के जवान इलाके में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान जवानों को कंटीली तार के पास झाड़ियों में संदिग्ध हलचल महसूस हुई। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सतर्कता बरती और झाड़ियों में छिपे व्यक्ति को बाहर आने व आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। जब वह व्यक्ति झाड़ियों से बाहर निकलकर जबरन कंटीली तार को पार कर भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश करने लगा, तो जवानों ने उसे रुकने के लिए कहा। चेतावनी को नजरअंदाज कर आगे बढ़ने पर बीएसएफ जवानों ने आत्मरक्षार्थ और सीमा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायरिंग कर दी।

गोली लगने से घुसपैठिए की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना घरिंडा की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के कब्जे से ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। हालांकि, उसके पास से तंबाकू का एक पैकेट मिला है।

थाना घरिंडा पुलिस ने बीएसएफ की आधिकारिक शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद सीमा सुरक्षा बल ने आसपास के पूरे इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सीमा पार से कोई अन्य संदिग्ध व्यक्ति भारतीय क्षेत्र में दाखिल न हुआ हो।

#AmritsarNews #BSF #InfiltrationAttempted #PunjabPolice #BorderSecurity #PakistaniInfiltrator #Danikkhabar #AmritsarBorder #PunjabNews #BreakingNews #GharindaPolice

Previous

प्रधानमंत्री ने भारत छोड़ो आंदोलन के बहादुर प्रतिभागियों को श्रद्धांजलि दी

Next

आज 9 अगस्त का इतिहास