गर्मी के लिए रहें तैयार: सप्ताह के अंत तक बढ़ने लगेगा दिन का तापमान, मार्च के अंत में इतना पहुंच सकता है पारा
नई दिल्ली, 20 मार्च (अभी): आईएमडी के ताजा अपडेट पर नजर डालें तो कल से पूरे दिल्ली एनसीआर का मौसम बदल जाएगा. यानी गर्मी और बढ़ेगी. आपको बता दें कि दिल्ली एनसीआर में गर्मी का सितम अब बढ़ने लगा है. तेज हवाओं के साथ ही धूप के तेवर भी तीखे होते जा रहे हैं. ऐसे में आने वाले दिनों की बात करें तो कल से झुलसाने वाली गर्मी की शुरुआत होने जा रही है, क्योंकि मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी किए गए ताजा अपडेट के मुताबिक कल 21 मार्च से लेकर 25 मार्च तक मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और तापमान चढ़ेगा. 25 मार्च तक लगभग अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर जाने का पूर्वानुमान है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर आरके जेनामणि के मुताबिक आज 20 मार्च को दिल्ली एनसीआर में हल्के बादल रह सकते हैं. दिल्ली का अधिकतम तापमान 35, गाजियाबाद और गुड़गांव का 33 और नोएडा का भी 33 रहने का पूर्वानुमान है. रात का तापमान पिछले दिनों जहां 10 से 15 डिग्री सेल्सियस पर टिका हुआ था, तो वहीं अब रात का तापमान बढ़कर 17 से 18 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का पूर्वानुमान है. उन्होंने बताया कि आज सुबह 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. वहीं दोपहर बाद 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है. उन्होंने बताया कि सुबह उत्तर पूर्व दिशा में 6 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की शुरुआत होगी और दोपहर तक उत्तर पश्चिम दिशा में हवाएं चलने लग जाएगी. शाम और रात में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा की स्पीड कम हो जाएगी. उन्होंने बताया कि 25 मार्च के बाद मौसम कैसा रहेगा, इसकी अभी निगरानी जारी है.