यूट्यूब से हटा बादशाह का गाना : 5 करोड़ व्यूज के बाद सरकार की शिकायत पर एक्शन, महिला आयोग के समन के बाद FIR दर्ज
हरियाणा, 07 मार्च (अभी) : बॉलीवुड रैपर बादशाह का हालिया रिलीज़ हरियाणवी गाना ‘टटीरी’ भारी विवादों के बाद यूट्यूब से हटा दिया गया है। 1 मार्च 2026 को रिलीज़ हुए इस गाने ने महज़ एक हफ्ते में 50 मिलियन से अधिक व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया था, लेकिन भारत सरकार की कानूनी शिकायत के बाद यूट्यूब ने इसे देश में प्रतिबंधित कर दिया है। अब भारतीय यूज़र्स इस गाने को नहीं देख पाएंगे और इसके कमेंट सेक्शन को भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस गाने में कैथल की बॉक्सर सिमरन जागलान ने भी अपनी आवाज़ दी थी और इसकी शूटिंग जींद के नरवाना व दुबई में की गई थी।
इस गाने पर विवाद मुख्य रूप से इसके लिरिक्स और फिल्मांकन को लेकर शुरू हुआ। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने गाने में महिलाओं के लिए इस्तेमाल किए गए शब्दों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे 'ऑब्जेक्टिफाई' करने वाला बताया है। आयोग ने बादशाह को नोटिस जारी कर 13 मार्च को पेश होने का समन भेजा है। इसके अलावा, हरियाणा पुलिस की पंचकूला क्राइम ब्रांच और जींद थाने में इस गाने के खिलाफ अज्ञात लोगों पर एफआईआर भी दर्ज की गई है।
विवाद का एक अन्य पहलू सरकारी संपत्ति का बिना अनुमति इस्तेमाल करना भी रहा। शिक्षा विभाग और रोडवेज का आरोप है कि गाने में जींद रोडवेज की बस और नरवाना के एक सरकारी स्कूल के सीन बिना किसी आधिकारिक परमिशन के फिल्माए गए। साथ ही, वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी छात्राओं को बैग फेंकते और बस के ऊपर खड़े होकर डांस करते दिखाने पर सामाजिक संगठनों ने नाराज़गी जताई है। उनका मानना है कि इससे समाज में गलत संदेश जा रहा है। इस कानूनी और सामाजिक विरोध के चलते अब 14 मार्च को मुंबई में होने वाला बादशाह और सिमरन का प्रस्तावित शो भी खटाई में पड़ता नज़र आ रहा है।
#Badshah #TatiriSong #Controversy #HaryanaPolice #WomenCommission #YouTubeAction #SocialImpact #SimranJaglan #MusicBan #BreakingNewsIndia #Danikkhabar