12/08/26

आर्य कॉलेज, अम्बाला छावनी की प्रेरणादायी पहल: पुस्तकालय द्वारा शहीदों के परिजनों को भेजे गए सम्मान पत्र

जे कुमार अम्बाला छावनी, 12 अगस्त 2026 : स्वाधीनता दिवस के पावन अवसर पर आर्य कॉलेज (सह शिक्षा), अम्बाला छावनी के पुस्तकालय विभाग द्वारा एक भावुक और प्रेरणादायी पहल की शुरुआत की गई। देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महाविद्यालय के 64 विद्यार्थियों ने पोस्टकार्ड के माध्यम से शहीदों के परिजनों के नाम सम्मान और देशभक्ति से भरे संदेश लिखे।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) अंजु बाला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे वीर सैनिकों और शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए सर्वोपरि है। उनके परिवारों के प्रति सम्मान प्रकट करना देश के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में संवेदनशीलता, राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा के संस्कार विकसित करते हैं।

कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. प्रिया शर्मा ने कहा कि आधुनिक दौर में पुस्तकालय का उद्देश्य महज पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र-चेतना विकसित करने का भी एक मंच है।

पोस्टकार्ड लिखते समय विद्यार्थियों में देशभक्ति और भावुकता का अनूठा संगम देखने को मिला। कई छात्रों ने लिखा—"आपके परिवार के महान बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र और सुरक्षित भारत में सांस ले रहे हैं।" वहीं कई अन्य विद्यार्थियों ने लिखा कि शहीद अमर हैं और देशवासियों के दिलों में सदैव जीवित रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने राष्ट्रहित और सैनिकों के सम्मान को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।

#AmbalaNews #AryaCollegeAmbala #IndependenceDay2026 #HaryanaNews #AmbalaCantt #PatrioticInitiative #AmbalaUpdate #AryaCollege

Previous

संकट की घड़ी में ‘डायल-112’ बनी जीवन की उम्मीद : मध्यप्रदेश

Next

असम में नशे के खिलाफ बड़ा प्रहार: गुवाहाटी में 13 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार