अंबाला: यूथ रेड क्रॉस शिविर में सड़क सुरक्षा की शपथ और स्वास्थ्य जांच संपन्न
अम्बाला, 04 फरवरी (अभी) : जिला रेड क्रॉस सोसायटी, अम्बाला द्वारा आयोजित जिला स्तरीय यूथ रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में सचिव आरटीए अंबाला सुशील कुमार ने विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
सचिव आरटीए ने कहा कि दुपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है जोकि हमारी सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा सडक़ सुरक्षा नियम केवल औपचारिकता नहीं बल्कि हमारे जीवन और यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए हैं। इन नियमों की पालना मजबूरी नहीं बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से आदत बनाना चाहिए। जीवन अनमोल है, इसलिए स्वयं सुरक्षित रहकर दूसरों के जीवन की रक्षा करना भी हमारा कर्तव्य है। इस अवसर पर उन्होंने सभी विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा नियमों की पालना की शपथ भी दिलवाई।
इस दौरान सामान्य अस्पताल अम्बाला शहर से लैब टेक्नीशियन ऑफिसर अर्चना द्वारा स्वास्थ्य जांच के अंतर्गत सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों की एचबी (हीमोग्लोबिन) एवं शुगर की जांच की गई। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया, जिससे शरीर में रक्त की उचित मात्रा बनी रहे और व्यक्ति स्वस्थ रह सके। आजीवन सदस्य, रेड क्रॉस राकेश मक्कड़ ने कहा कि दोपहिया व चार पहिया वाहन चलाते समय हमेशा हैलमेट व सीट बैल्ट का हमेशा ध्यान रखें। इसके साथ ड्राइविंग लाइसेंस होना अति आवश्यक है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने रेड क्रॉस की गतिविधियों एवं विभिन्न सामाजिक विषयों पर आधारित ड्राइंग प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार सैनी ने शिविर में उपस्थित सभी रिसोर्स पर्सन का धन्यवाद किया।
#RedCrossAmbala #RoadSafety #YouthTraining #HealthAwareness #TrafficRules #AmbalaNews #SafetyFirst #YouthEmpowerment #HealthyLifestyle #SocialService #DistrictRedCross #HaryanaPolice #StudentLife #AwarenessCampaign