अंबाला: रेड क्रॉस शिविर में युवाओं को मिला साइबर सुरक्षा और जीवन रक्षक सीपीआर (CPR) का प्रशिक्षण
अम्बाला, 03 फरवरी (अभी) : जिला रेडक्र्रॉस सोसाइटी अंबाला द्वारा आयोजित यूथ रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन प्रशिक्षणार्थियों को साइबर सुरक्षा, प्राथमिक सहायता एवं रेड क्रॉस की कल्याणकारी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान एसएचओ साइबर क्राइम, अंबाला रवि कुमार ने साइबर अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि व्हाट्सएप पर किसी अनजान या अन्य व्यक्ति द्वारा भेजे गए शादी के निमंत्रण, ट्रैफिक चालान, एपीके फाइल, फाइन या अन्य किसी भी प्रकार की फाइल को डाउनलोड करने से बचना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्हाट्सएप अकाउंट पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से लगाने, किसी भी प्रकार की लोन एप डाउनलोड न करने तथा डिजिटल अरेस्ट एवं ट्रेडिंग के नाम पर हो रही साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त टेलीग्राम चैनलो के माध्यम से प्राप्त इन्वेस्टमेंट व जॉब स्कीम्स में निवेश करने से बचने की भी सलाह दी। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर अथवा cyber crime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने बारे भी अवगत कराया।
इस अवसर पर सीनियर प्राथमिक सहायता लेक्चरर किरण आगरा ने विद्यार्थियों को प्राथमिक सहायता विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के समय समय पर दी गई प्राथमिक सहायता घायल व्यक्ति की स्थिति को गंभीर होने से बचा सकती है। उन्होंने मौके पर उपलब्ध साधनों का प्रयोग कर घायल को कम से कम समय में चिकित्सक तक पहुंचाने में प्राथमिक सहायक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उन्होंने जीवन रक्षक प्रणाली सीपीआर का प्रैक्टिकल प्रदर्शन कर यह समझाया कि सांस व धडक़न रुकने की स्थिति में भी सीपीआर देकर व्यक्ति के जीवन को बचाया जा सकता है।
कैंप डायरेक्टर मनोज कुमार सैनी व कार्यक्रम अधिकारी ने विद्यार्थियों को रेडक्रॉस की विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों जैसे वृद्ध आश्रम संचालन, बेघर व्यक्तियों हेतु आश्रय स्थल, दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क बैटरी संचालित तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, कान की मशीन व वॉकर वितरण आदि के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण शिविर के दौरान विद्यार्थियों में सेवा भावना, जागरूकता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता करने का आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक विषयों पर एक्सटेंपोर स्पीच के माध्यम से अपने विचार भी व्यक्त किए।
इस मौके पर रजत सिंगला, समाजसेवी तरविंदर पाल सिंह, हरविंद्र सिंह गर्ग (आजीवन सदस्य रेड क्रॉस), अशोक सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
#AmbalaNews #RedCross #CyberSecurity #FirstAid #CPR #YouthEmpowerment #AwarenessCamp #HaryanaNews #CyberSafety #RedCrossIndia #SocialService #LifeSavingSkills #Education #PublicSafety #AmbalaDiaries