अंबाला पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: चरस और हेरोइन मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, 3 दिन के रिमांड पर
अम्बाला, 16 फरवरी (अभी) : जिले में नशे के बढ़ते जाल को काटने के लिए अंबाला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'नशा मुक्त अभियान' के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना महेश नगर क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क पर प्रहार करते हुए मामले के तीसरे मुख्य आरोपी अर्जुन उर्फ कटोरा उर्फ कशीश को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 11 फरवरी को हुई उस कार्रवाई की कड़ी है, जिसमें पुलिस ने टांगरी बांध क्षेत्र से दो तस्करों को 125 ग्राम चरस और 15 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा था। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया था कि वे नशे की यह खेप न्यू प्रीत नगर के निवासी अर्जुन उर्फ कटोरा से खरीदकर लाए थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 15 फरवरी को गिरफ्तार किया गया आरोपी अर्जुन एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले भी चोरी, मारपीट और मादक पदार्थ तस्करी के कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे माननीय न्यायालय में पेश कर 3 दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान एएनसी स्टाफ आरोपी से गहनता से पूछताछ करेगा ताकि इस नशा तस्करी के सिंडिकेट से जुड़े बड़े मगरमच्छों और सप्लाई चेन का पर्दाफाश किया जा सके। अंबाला के पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई पर कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि जिले में अवैध धंधा करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है और सूचना तंत्र को इतना मजबूत किया गया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
#AmbalaPolice #DrugFreeAmbala #AntiNarcoticsCell #ActionAgainstDrugs #DrugPeddlerArrested #MaheshNagarNews #AmbalaCrimeUpdate #ZeroTolerance #SayNoToDrugs #HaryanaPolice #ANCStaff #DrugSeizure #DanikKhabar