उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक की
अम्बाला, 02 अप्रैल (अभी): उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बुधवार को अपने कार्यालय में रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए अम्बाला से लुधियाना-जालंधर तक लगभग 153 किलोमीटर प्रस्तावित ट्रैक यानि तीसरी रेलवे लाईन बिछाने को लेकर चर्चा करते हुए इस दिशा में किए जाने वाले कार्यों बारे जानकारी हासिल की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए उपायुक्त ने अम्बाला से लुधियाना-जालंधर तक प्रस्तावित रेलवे लाईन (ट्रैक) को लेकर जो-जो कार्य किए जाएंगे जैसे भूमि अधिग्रहण व अन्य जो कार्य होंगे, उस बारे विस्तार से जानकारी हासिल की। इस मौके पर रेलवे विभाग की कंस्ट्रक्शन विंग के एक्सईएन निर्मल सिंह ने उपायुक्त को अवगत करवाते हुए बताया कि दिल्ली से अम्बाला तक दो नए ट्रैक बनाए जाने प्रस्तावित हैं, वहीं अम्बाला से लुधियाना-जालंधर तक भी तीसरी अतिरिक्त रेलवे लाईन (ट्रैक) बनाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन ट्रैकों के बनने से रेलवे से सम्बन्धित ट्रेनों के आवागमन में आसानी होगी, समयबद्ध तरीके से ट्रेनें अपने स्थानों तक पहुंच पाएंगी। इसके साथ-साथ नई ट्रेनों का आवागमन भी इस ट्रैक के माध्यम से होगा। उन्होंने यह भी बताया कि अम्बाला-दिल्ली रेलवे लाईन पर दो ट्रैक बने हुए हैं लेकिन समय अनुसार अब इन ट्रैकों का विस्तार किया जा रहा है। जिसके तहत दिल्ली से अम्बाला तक दो नए ट्रैक बनाए जाने प्रस्तावित हैं, इसके साथ-साथ अम्बाला से लुधियाना-जालंधर तीसरा नया ट्रैक बनाया जाना शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले वाले टै्रकों पर मालगाड़ी, पैसेंजर व अन्य ट्रेनों का आवागमन रहता था जिसके कारण ट्रैक बिजी रहते थे और ट्रेनें भी कईं बार समयबद्ध तरीके से नहीं पहुंच पाती थी। निसंदेह इन नए ट्रैक के बनने से ट्रेनों के आवागमन में आसानी होगी और नई ट्रेनों को भी इन ट्रैकों के माध्यम से आवागमन होगा। उन्होंने यह भी बताया कि जो एक्सप्रेस गाडियां है वह भी समय अनुसार पहुंच सकेंगी और लोगों को इससे काफी फायदा होगा। अम्बाला-लुधियाना-जालंधर ट्रैक के बनने से अम्बाला, पटियाला, फतेहगढ़, लुधियाना, कपूरथला व जालंधर तक के एरिया को कवर किया जाएगा।
उपायुक्त ने सम्बन्धित अधिकारियों से बैठक के दौरान रेलवे विभाग व अन्य सम्बन्धित को कहा कि इस प्रस्तावित ट्रैक के तहत जो भी कार्य जैसे भूमि अधिग्रहण व अन्य जो कार्य किए जाने हैं उसके लिए रेलवे विभाग सम्बन्धित विभागों के साथ समन्वय बनाकर उस दिशा में कार्य करे। उन्होंने यह भी कहा कि इन नए ट्रैकों के बनने के दृष्टिगत जन स्वास्थ्य विभाग, पब्लिक हैल्थ, बिजली विभाग भी यह ध्यान रखे कि ट्रैक के बनने के तहत उनकी कोई पाईप लाईन या अन्य कार्य प्रस्तावित न हो, इस बारे रेलवे विभाग को अवगत करवाएं ताकि बेहतर समन्वय से सभी कार्यों को किया जाए। उन्होंने कहा कि निसंदेह इस ट्रैक के बनने से रेलवे के कार्यों में विस्तार होगा और आमजन को इसका लाभ मिलेगा।
इस मौके पर नगर निगम आयुक्त सचिन गुप्ता, एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम विनेश कुमार, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, डीआरओ विकास कुमार, डीएसपी विजय कुमार, रेलवे से संजीव अरोड़ा एडब्लयूई, सुरेश कुमार, एनएचएआई से पुलकित कटारिया, रेलवे से आयाज महमूद, डीआईपीआरओ धर्मेन्द्र कुमार, कार्यकारी अभियंता हरबंस सिंह, डीटीपी रोहित चौहान, एसडीओ पब्लिक हैल्थ हरमिलाप, जितेन्द्र कुमार, तहसीलदार आदित्य के साथ-साथ अन्य मौजूद रहे।