अम्बाला: शहजादपुर में प्रशासन का पीला पंजा, 4 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी को किया गया ध्वस्त
अम्बाला, 11 फरवरी (अभी) : जिला नगर योजनाकार विभाग के दस्ते ने आज अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अर्बन एरिया शहजादपुर के अंतर्गत आने वाले गांव बापोली में एक अवैध कॉलोनी को पूरी तरह से मलबे में तब्दील कर दिया। सब तहसील शहजादपुर के तहत आने वाली लगभग 4 एकड़ भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा बिना अनुमति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी, जहाँ विभाग की टीम ने सड़कों के जाल को पूर्ण रूप से ध्वस्त कर दिया।
इस विध्वंस अभियान के दौरान जिला नगर योजनाकार श्री रोहित चौहान ने स्वयं ड्यूटी मजिस्ट्रेट की भूमिका निभाई। उनके साथ विभाग के पटवारी नेत्रपाल और हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के एसएचओ सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटा जा सके। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों में हड़कंप मच गया है।
मौके पर उपस्थित जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने आम जनता को सचेत करते हुए कहा कि कुछ प्रॉपर्टी डीलर और भू-मालिक लोगों को कॉलोनी के रेगुलर होने का झूठा झांसा देकर प्लॉट बेच रहे हैं। उन्होंने सख्त लहजे में अपील की है कि नागरिक अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह के अवैध निर्माणों में न फंसाएं और किसी भी झांसे में आकर इन क्षेत्रों में निवेश न करें। चौहान ने स्पष्ट किया कि विभाग की यह मुहिम यहीं नहीं थमेगी और आने वाले समय में भी ऐसी अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
#AmbalaNews #DTPAmbala #AntiEncroachmentDrive #IllegalColony #DemolitionDrive #HaryanaRealEstate #ShehzadpurNews #UrbanDevelopment #PropertyAlert #HaryanaPolice #EnforcementBureau #AmbalaUpdate #LandMafia #DistrictAmbala #PublicNotice