10/09/26

अंबाला में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026: 12, 13, 26 और 27 सितंबर को लगेंगे विशेष शिविर, डीसी सचिन गुप्ता ने दिए निर्देश

अम्बाला , 10 सितंबर (अभिकान्त) : अंबाला में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कैंप कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पात्र मतदाताओं की सुविधा के लिए आगामी 12, 13, 26 और 27 सितंबर को विशेष अभियान व शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन निर्धारित तिथियों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि विशेष तिथियों पर बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य है। इस दौरान मतदाताओं से फॉर्म-6 के तहत आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएं। इसके साथ ही, फॉर्म-7 के माध्यम से किसी भी बूथ के मतदाता के संबंध में दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। वर्ष 2002 की वोटर सूची में यदि किसी मतदाता के नाम में त्रुटि है और उसे नोटिस दिया जा चुका है, तो उचित दस्तावेज प्रस्तुत करने पर उसे नियमानुसार स्वीकार किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन विशेष शिविरों का भरपूर लाभ उठाएं और प्रारंभिक मतदाता सूची में अपने परिवार के पात्र सदस्यों के नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है, जबकि किसी अपात्र, मृत या स्थानांतरित मतदाता का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के जरिए आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। नागरिक ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।

दावे और आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती हैं, जिनका निस्तारण 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। संशोधित कार्यक्रम के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 नवंबर को किया जाएगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए राष्ट्रीय मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक में एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम कनिका गोयल, एडीएम शिवजीत भारती, एसडीएम सतीन्द्र सिवाच सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

#AmbalaNews #VoterList2026 #SIR2026 #AmbalaAdministration #HaryanaNews #ElectionCommission #VoterRegistration #DainikKhabar #BreakingNews

Previous

हरियाणा में एनीमिया के खिलाफ 100-दिवसीय अभियान की हुई, एक वर्ष के भीतर 10 अंकों की कमी का लक्ष्य

Next

अंबाला: 15 सितंबर से पराली जलाने पर धारा 163 लागू; दर्ज होगी FIR और लगेगा ₹30,000 तक का जुर्माना