14/03/25

मथुरा-वृंदावन में होली का अद्भुत उत्सव, भगवान कृष्ण के साथ भक्तों ने खेली होली, मंदिरों में सतरंगी माहौल

उत्तर प्रदेश, 14 मार्च (अभी): ब्रज में होली एक बहुत ही खास और अनोखा त्यौहार है. यहां हर कोई रंगों में सराबोर दिखता है. होली के रंग यहां की पुरानी परंपरा को दिखाते हैं. भगवान श्री कृष्ण के समय से चली आ रही इस परंपरा को आज भी ब्रज के लोग उसी तरह निभाते हैं. ऐसा लगता है जैसे सभी देवी-देवता द्वापर युग की तरह यहां उतर आए हों. कहते हैं कि होली का त्यौहार ब्रज के लिए बहुत खास होता है.

कुंज में विराजमान होकर अपने भक्तों के साथ होली खेली

 पूरा देश होली के रंग में डूबा है और ब्रज में तो होली का अलग ही उल्लास है. मथुरा-वृंदावन में चारों तरफ होली की खुशियां बरस रही हैं. आसमान रंगों से भरा हुआ है. सिर्फ मथुरा-वृंदावन ही नहीं, बल्कि पूरा ब्रज क्षेत्र होली के रंग में रंगा हुआ है. देश-विदेश से लोग यहां होली का आनंद लेने आये हैं. ब्रज के सभी मंदिरों में जैसे ही होली की शुरुआत हुई, वैसे ही हर तरफ एक अलग ही रौनक छा गई. मंदिरों में आने वाले भक्तों पर रंग और गुलाल की जमकर बरसात हो रही है. यहां की गलियों में रंग और गुलाल उड़ता देख ऐसा लगता है मानो द्वापर युग आ गया हो. मथुरा में यमुना किनारे स्थित भगवान द्वारकाधीश मंदिर का नजारा आज देखते ही बनता है. यहां का वातावरण रंगों से भरा हुआ है और भक्त भगवान द्वारकाधीश की भक्ति में डूबे हुए हैं. यहां पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के लोग होली के सभी आयोजन बड़े ही अनोखे और अद्भुत तरीके से करते हैं.

अबीर ग़ुलाल से सतरंगी हुआ मंदिर प्रांगण

ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में एक महीने से चल रहे होली के रसिया गायन के कार्यक्रम में आज ठाकुर जी ने अपने भक्तों के साथ होली खेली. मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि कुंज में विराजमान भगवान कृष्ण और स्वामिनी जी भक्तों के साथ होली खेल रहे हैं. देश-विदेश से आए हज़ारों भक्तों ने ‘कुंजन होरी रे श्याम पिया रसिया’ के भाव से रसिया गायन का आनंद लिया और टेसू के फूलों से होली खेली. यह कार्यक्रम अभी आगे भी जारी रहेगा. कल भी सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक रसिया गायन के साथ ठाकुर जी होली खेलेंगे.

Previous

हिमाचल में शिक्षकों के तबादले 30 किलोमीटर से कम दूरी पर नहीं होंगे, दिशा-निर्देश जारी

Next

उत्तर प्रदेश : पूरे प्रदेश में शांति और सौहार्द के साथ खेली गई होली, डीजीपी ने पुलिस मुख्यालय से की ऑनलाइन मॉनिटिरिंग