पानीपत में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: जमीन की निशानदेही के नाम पर रिश्वत लेते पटवारी और सहायक रंगे हाथों गिरफ्तार
जे कुमार पानीपत, 6 अगस्त 2026 : हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पानीपत में तैनात एक पटवारी और उसके कारिंदे (निजी सहायक) को जमीन की निशानदेही की एवज में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसने अपनी जमीन की निशानदेही के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि निशानदेही की प्रक्रिया पूरी करने और रिपोर्ट दर्ज करने के बदले संबंधित पटवारी और उसका सहायक पैसों की मांग कर रहे थे। रिश्वत न देने पर काम लटकाने की धमकी दी जा रही थी।
शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने योजना बनाई और एक रेडिंग टीम का गठन किया। योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी के निर्देश पर उसके सहायक को रिश्वत के पैसे सौंपे, आसपास मौजूद एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर दोनों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है।
एसीबी की टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
#PanipatNews #ACBAction #VigilanceRed #PanipatPolice #HaryanaNews #AntiCorruptionBureau #BreakingNewsHaryana
Previous
यमुनानगर में सनसनीखेज वारदात: मामूली विवाद में किसान की ईंट मारकर हत्या, आरोपी फरार
Next