28/07/26

करनाल: ACB की बड़ी कार्रवाई; कुंजपुरा थाने का ASI 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

हरियाणा , 28 जुलाई (अभिकान्त) : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की करनाल यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने करनाल के कुंजपुरा थाना में तैनात एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) अनुज को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

आरोपी पुलिसकर्मी पर जमीन के रास्ते के विवाद में कार्रवाई करने और समझौता कराने के एवज में रिश्वत लेने का गंभीर आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को काबू कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अनुज महज दो महीने पहले ही हेड कांस्टेबल (HC) के पद से असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) के पद पर प्रमोट हुआ था। रिंडल गांव के निवासी शिकायतकर्ता ऋषिपाल ने बताया कि उनके गांव में जमीन के रास्ते को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में उन्होंने संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और मौके पर जांच की मांग की थी, लेकिन संबंधित सब इंस्पेक्टर ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की।

ऋषिपाल के अनुसार, बाद में गांव के लोगों के दबाव और हस्तक्षेप के चलते मामले को निपटाने के लिए सौदा तय हुआ। हालांकि शुरुआत में पुलिसकर्मी द्वारा 50 हजार रुपए की डिमांड की गई थी, लेकिन अंत में 20 हजार रुपए में समझौता कराया गया।

शिकायतकर्ता ऋषिपाल ने बताया कि रिश्वत की रकम दो किस्तों में दी गई। पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपए एक दिन पहले दिए गए थे। वहीं, दुसरी किस्त के 10 हजार रुपए आज दिए गए। हैरान करने वाली बात यह है कि दोनों ही बार पैसे कुंजपुरा थाने के रसोईघर (किचन) में ही आरोपी एएसआई अनुज को सौंपे गए। आरोपी लगातार पैसे लेने के बावजूद मामले को टाल रहा था और कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा था।

जब शिकायतकर्ता को यह अहसास हुआ कि आरोपी केवल पैसे ऐंठ रहा है और कार्रवाई नहीं कर रहा, तो उसने परेशान होकर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से संपर्क किया। एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजना तैयार की। आज जैसे ही ऋषिपाल ने थाने के किचन में एएसआई अनुज को रिश्वत के 10 हजार रुपए थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

उल्लेखनीय है कि कुंजपुरा थाना पहले भी रिश्वतखोरी के मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। इससे पहले भी इसी थाने के दो अधिकारी रिश्वत के आरोप में एसीबी द्वारा पकड़े जा चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी गिरफ्तारियां पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान लगा रही हैं। फिलहाल, एसीबी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन टीम आरोपी एएसआई से गहन पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

#KarnalNews #ACBAction #HaryanaPolice #CorruptionFreeHaryana #KunjpuraPoliceStation #HaryanaNews #AmbalaNews #ChandigarhNews #DanikKhabar

Previous

दैनिक खबर: आज 28 जुलाई, 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार

Next

अंबाला: नशे के खिलाफ अंबाला पुलिस का महाअभियान; फारूखा खालसा स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ