पंजाब यूनिवर्सिटी में 72वें वार्षिक दीक्षांत समारोह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में होंगी शामिल
चंडीगढ़, 11 मार्च (अभी): पंजाब यूनिवर्सिटी 72वें वार्षिक दीक्षांत समारोह की मेजबानी के लिए तैयार है। बुधवार को होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासनिक ब्लॉक से जिम्नेजियम हॉल तक गेट नंबर- 1 को कवर करने वाला वीवीआईपी मार्ग बुधवार को सुबह 6 से दोपहर 1 बजे तक और शाम 7 बजे के बाद बंद रहेगा।
इसी तरह गेट नंबर-2 वीवीआईपी, अतिथि आमंत्रितों, शिक्षकों और मीडिया कर्मियों के लिए समय खुला रहेगा। पीयू प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को इस मार्ग पर किसी भी वाहन को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। सभी को निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में ही वाहन पार्क करने होंगे। गेट नंबर- 3 सुबह 6 से रात 10 बजे तक छात्रों और यहां रहने वाले लोगों के लिए खुला रहेगा।
सभी छात्रों और अतिथियों के पहुंचने का समय
प्रवक्ता ने बताया कि दीक्षांत समारोह के दिन सभी छात्रों और अतिथियों को सुबह 9:30 बजे तक जिम्नेजियम हॉल में बैठना अनिवार्य है। सुबह 9:15 बजे के बाद जिम्नेजियम हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
तीन दिन के दौर पर आई हैं राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के 72वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर वे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे को लेकर सोमवार को ही चंडीगढ़ पहुंच गईं हैं। चंडीगढ़ टेक्निकल एयरपोर्ट पर पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनका स्वागत किया था।
शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। चंडीगढ़ की विभिन्न सड़कों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होगी। इसके अलावा शहरभर में राष्ट्रपति के स्वागत के लिए पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए हैं।