09/05/25

मुंबई हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा की कस्टडी 6 जून तक बढ़ी गई, 10 अप्रैल को अमेरिका से लाया गया था भारत

नई दिल्ली, 09 मई (अभी): 26/11 मुंबई हमलों के कथित मास्टरमाइंड और आरोपी तहव्वुर राणा को आज पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 6 जून 2025 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। राणा को हाल ही में अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था।


बड़े खुलासे की उम्मीद


कोर्ट ने अपने आदेश में एनआईए को निर्देश दिया कि राणा की हर 24 घंटे में मेडिकल जांच की जाए और उसे हर दूसरे दिन अपने वकील से मिलने की अनुमति दी जाए। राणा को एनआईए मुख्यालय के हाई-सिक्योरिटी सेल में रखा गया है, जहां 24 घंटे सीसीटीवी और सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में है। एनआईए की पूछताछ में राणा से उसके पाकिस्तानी हैंडलर, फंडिंग के स्रोत, और संभावित स्लीपर सेल नेटवर्क के बारे में सवाल पूछे जा रहे हैं। जांच एजेंसी को शक है कि राणा का पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से भी गहरा संबंध था। एनआईए ने कोर्ट में कहा कि अगर उसे पूछताछ के लिए अधिक समय मिलेगा तो इस मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं।



सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम


तहव्वुर राणा की पेशी के दौरान पटियाला हाउस कोर्ट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सुनवाई के दौरान केवल अधिकारी और मामले से जुड़े अधिवक्ता ही कोर्टरूम में दाखिल हुए। जबकि मीडिया कर्मियों को भी कोर्टरूम से बाहर ही रखा गया। दोपहर दो बजे के बाद राणा को अदालत में पेश किया गया जहां उसका चेहरा ढ़का हुआ था।

 
2009 हुआ था अमेरिका में गिरफ्तार


26/11 मुंबई हमले में 174 लोगों की जान गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस हमले को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने अंजाम दिया था। राणा पर आरोप है कि उसने इस हमले की साजिश में अहम भूमिका निभाई थी। 2011 में भारतीय अदालत ने उसे दोषी ठहराया था, लेकिन वह उस समय अमेरिका में था। 2009 में अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी हुई थी, और तब से वह प्रत्यर्पण के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहा था।

Previous

दिल्ली एयरपोर्ट पर 138 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द, देशभर में 27 हवाईअड्डे बंद

Next

हिंदुस्तान पाकिस्तान का वह हाल करेगा कि जल्द उसकी अक्ल ठिकाने आ जाएगी : ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज