06/05/25

हरियाणा के 38 सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों में सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर छात्रों को यातायात नियमों की पालना के लिए किया जागरूक

चंडीगढ़, 06 मई (अभी) - हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी 38 सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों में व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के माध्यम से छात्रों में ट्रैफिक नियमों की पालना करने, ड्राइविंग लाइसेंस रखने और दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के उपयोग की अनिवार्यता के बारे में जागरूक किया गया।

 

एक दिवसीय इस अभियान को क्षेत्रीय यातायात पुलिस और गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें इंटरएक्टिव वर्कशॉप, लाइसेंस सत्यापन जांच और हेलमेट वितरण किए गए।

 

प्राधिकारियों ने छात्रों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस और दस्तावेज़ों की जांच के लिए कैंपस में ही सत्यापन डेस्क स्थापित किए। हेलमेट के जीवनरक्षक लाभों को प्रदर्शित करने वाले विशेष सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें विशेषज्ञों ने वास्तविक दुर्घटना सिमुलेशन और यातायात सुरक्षा के बारे में जानकारी दी।

 

तकनीकी शिक्षा विभाग के महानिदेशक श्री प्रभजोत सिंह ने कहा कि यह पहल शैक्षणिक गतिविधियों से परे छात्र सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती ही। ट्रैफिक नियमों की पालना करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

 

उन्होंने बताया कि इस अभियान में 15,000 से अधिक छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से 85 प्रतिशत के पास वैध लाइसेंस पाए गए। बिना लाइसेंस या हेलमेट वाले छात्रों को परामर्श देकर आवश्यक दस्तावेज़ और सुरक्षा उपकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। 

 

उन्होंने बताया कि विभाग ने शैक्षणिक पाठ्यक्रम में सड़क सुरक्षा मॉड्यूल को शामिल करने और तिमाही जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी बनाई है। हरियाणा सरकार की यह पहल युवाओं में सुरक्षा और जवाबदेही की संस्कृति विकसित कराती है।

Previous

ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारी ने डीडीयू-जीकेवाई 1.0 की प्रगति की समीक्षा की

Next

श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति डॉ. राज नेहरू को विशिष्ट सम्मान से नवाजा