जेएनयू छात्र संघ चुनाव का बिगुल बजा, 25 अप्रैल को मतदान; 28 को आएंगे नतीजे
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (अभी): जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ चुनाव को लेकर बिगुल बज गया है। जेएनयू छात्र संघ चुनाव समिति 2024-25 ने चुनाव को लेकर कार्यक्रम जारी कर दिया है। छात्र संघ चुनाव 25 अप्रैल को होगा। चुनाव के परिणाम 28 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। चुनाव की घोषणा होने के साथ आचार-संहिता लागू हो गई है। साथ ही छात्र संगठनों ने भी चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है।
15 अप्रैल से कर सकेंगे नामांकन
चुनाव समिति के अनुसार, 13 अप्रैल को संभावित मतदाताओं की सूची प्रदर्शित की जाएगी। 14 अप्रैल को सुबह नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक मतदाता सूची में सुधार करवा सकेंगे। इसी दिन दोपहर दो बजे से लेकर शाम पांच बजे तक के बीच नामांकन फॉर्म जारी किए जाएंगे। 15 अप्रैल से चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत 15 अप्रैल को सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक के बीच नामांकन भर सकेंगे। 16 अप्रैल को सुबह दस बजे वैध नामांकन करने वालों की सूची जारी की जाएगी। इसी दिन दोपहर दो बजे तक नामांकन वापस ले सकेंगे। दोपहर तीन बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी होगी।
23 अप्रैल को होगी प्रेजिडेंशियल डिबेट
चुनाव के संबंध में 17 अप्रैल और 21 अप्रैल को स्कूल जनरल बॉडी मीटिंग का आयोजन किया जाएगा, जबकि 22 अप्रैल को यूनिवर्सिटी जनरल बॉडी मीटिंग आयोजित होगी। 23 अप्रैल को रात आठ बजे से प्रेजिडेंशियल डिबेट शुरू होगी। 24 अप्रैल को कोई चुनाव प्रचार नहीं होगा। 25 अप्रैल को सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक और दोपहर ढाई बजे से लेकर शाम साढ़े पांच बजे तक की अवधि के बीच में मतदान होगा। 25 अप्रैल रात नौ बजे से मतगणना शुरू होगी और 28 अप्रैल को अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।