08/04/25

प्रदेश की सभी 240 मंडियों में "अटल किसान-मजदूर" कैंटीनें स्थापित की जाएंगी: कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

चंडीगढ़, 08 अप्रैल (अभी) - हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने आज यमुनानगर जिला के क़स्बा रादौर और सरस्वती नगर की अनाज मंडियों में अटल किसान-मजदूर कैंटीनों का उद्घाटन किया। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले समय में हरियाणा की सभी 240 मंडियों में ऐसी कैंटीनें स्थापित की जाएंगी।

इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य न केवल किसानों और मजदूरों को सस्ती दरों पर शुद्ध भोजन उपलब्ध कराना है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना भी है। ये कैंटीनें महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि कैंटीन में दाल, सब्ज़ी, चार रोटियां और चावल मात्र 10 रुपये में उपलब्ध होंगे। यह सेवा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी, जिसमें एक समय में 50 से 60 लोगों को भोजन कराया जा सकेगा।

कृषि मंत्री ने स्वयं इस कैंटीन में बना भोजन का स्वाद चखा और महिला समूहों की मेहनत की सराहना की।

उन्होंने कहा, “यह केवल कैंटीन नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण श्रमिकों की गरिमा को बढ़ाने का एक प्रयास है।” उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और ताजा भोजन परोसने के निर्देश दिए।

श्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का सपना है कि राज्य का हर वर्ग—चाहे किसान हो, मजदूर हो या जरूरतमंद—सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करे।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें लगातार महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, विधवा एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना, कन्यादान योजना, महिला समृद्धि योजना और आपकी बेटी-हमारी बेटी जैसे अभियानों का ज़िक्र करते हुए बताया कि इन योजनाओं से महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

Previous

थाना साइबर क्राइम अम्बाला में दर्ज साइबर ठगी के दो मामलों मेें चार आरोपियों को हिमाचल, चण्डीगढ़ व जोधपुर से किया गिरफ्तार

Next

द्योग मंत्री नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में मानसून पूर्व जीएमडीए तथा नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की