01/01/26

अम्बाला छावनी में अवैध कॉलोनियों पर पीला पंजा: 21.5 एकड़ में विकसित 6 कॉलोनियों को डीटीपी दस्ते ने किया ध्वस्त

जे कुमार अम्बाला 1 जनवरी 2026 : अम्बाला छावनी के अर्बन एरिया में अवैध कॉलोनाइजेशन के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग ने नए साल के अवसर पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान के नेतृत्व में विभाग के दस्ते ने तीन गांवों—चंदपुरा, सरसहेड़ी और रांवला—में लगभग 21.5 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही 6 अवैध कॉलोनियों में व्यापक तोड़-फोड़ की।

इस मुहिम के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से बिछाई गई कच्ची सड़कों के जाल को उखाड़ दिया गया और 27 निर्माणाधीन ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई का विवरण : गांव चंदपुरा: यहाँ लगभग 10.1 एकड़ में फैली 2 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला। गांव सरसहेड़ी: इस क्षेत्र में लगभग 10.2 एकड़ में विकसित की जा रही 3 अवैध कॉलोनियों को निशाना बनाया गया। गांव रांवला: यहाँ 1 एकड़ में बनाई जा रही 1 अवैध कॉलोनी में तोड़-फोड़ की गई।

मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद डीटीपी रोहित चौहान के साथ कनिष्ठ अभियंता रविन्द्र पंवार और एसएचओ एन्फोर्समेंट भारी पुलिस बल सहित तैनात थे। चौहान ने आम जनता को चेतावनी देते हुए अपील की है कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के लुभावने वादों में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट या दुकान खरीदकर अपनी मेहनत की कमाई को जोखिम में न डालें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना विभाग की अनुमति के किया गया कोई भी निर्माण अवैध माना जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कॉलोनियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

#AmbalaDTP #DemolitionDrive #IllegalColonies #AmbalaCantt #RohitChauhan #TownPlanning #HaryanaPolice #LandMafiaUpdate #AmbalaNews #UrbanDevelopment

Previous

खुशियों भरा नया साल: उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने स्लम एरिया के बच्चों संग मनाया 'हैप्पीनेस' उत्सव

Next

अम्बाला कैंट: दफ्तर में छिपे बैठे थे तीन खतरनाक कबर बिज्जू, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा