अम्बाला उपायुक्त ने रबी सीजन वर्ष 2025-26 की खरीद के लिए एंजैसियों, मार्किट कमेटी सचिव, आढ़ती एसोसिएशन की बैठक की
अम्बाला, 26 मार्च (अभी): उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने रबी सीजन वर्ष 2025-26 के तहत बुधवार को अपने कार्यालय में खरीद एंजैसियों, मार्किट कमेटी सचिव, आढ़ती एसोसिएशन व अन्य सम्बन्धित की एक बैठक लेते हुए खरीद प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद कार्य के साथ-साथ लिफ्टिंग का कार्य सुचारू रूप से चलना चाहिए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि रबी सीजन के तहत गेहूं खरीद का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके तहत सभी मंडियों में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सभी आवश्यक प्रबंध होने सुनिश्चित होने चाहिएं। बैठक के दौरान उन्होंने डीएफएससी से जिले में कितनी मंडियां है, कौन-कौन सी खरीद एंजैसियां कार्य करेंगी। पिछले वर्ष कितनी गेहूं की आवक आई थी और इस वर्ष कितनी आने की उम्मीद है, उसकी जानकारी ली। डीएफएससी ने उपायुक्त को अवगत करवाते हुए बताया कि पिछले वर्ष 2.45 मीट्रिक टन गेहूं की आवक मंडियों में पहुंची थी, इस वर्ष 2.60 मीट्रिक टन गेहूं की आवक आने का अनुमान है।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान सभी सम्बन्धित एसडीएम को निर्देश दिए कि वे खरीद कार्य से पहले मंडियों का जायजा लें और यह भी सुनिश्चित करें कि सभी मंडियों में सभी आवश्यक प्रबंध होने चाहिए। खरीद एंजैसियों को निर्देश दिए कि समय रहते गेहूं की खरीद होनी चाहिए और इसके साथ-साथ लिफ्टिंग का कार्य भी समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। खजाना अधिकारी को निर्देश दिए कि नियमानुसार गेहूं की फसल की जो भी पेमैंट है वह सीधा किसान के खाते में समय अवधि के तहत होनी चाहिए। उपायुक्त ने एफसीआई से आए अधिकारी को निर्देश दिए कि रैक की व्यवस्था के साथ-साथ अन्य जो कार्य उनके विभाग से सम्बन्धित है वे भी समयबद्ध तरीके से होने चाहिए। उन्होंने आढती एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भी कहा कि वे भी मंडी में तिरपाल व झरने की व्यवस्था रखे ताकि किसानों व खरीद एंजैसियों को सहुलियत मिल सके। सभी मंडियों में बारदाने की व्यवस्था होनी चाहिए। मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे होने चाहिए। धर्मकाटें सुचारू रूप से चलें, मोसचर मीटर की व्यवस्था रहे।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान किसानों से भी आग्रह किया कि वे भी अपनी फसल सुखाकर मंडियों में लाएं ताकि उनकी फसलों को खरीदने में आसानी हो। मंडियों में किसानों के बैठने के लिए, पेयजल व्यवस्था, शौचालय व्यवस्था, बिजली की व्यवस्था के साथ-साथ जो अन्य आवश्यक प्रबंध है वे समय रहते सुनिश्चित होने चाहिए। गेट पास के साथ-साथ मंडियों में आने-जाने के लिए यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से रहे, इसके लिए पुलिस भी समय रहते जो कार्य करने हैं उन्हें करे। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को एक बार फिर कहा कि गेहूं खरीद का कार्य सभी मंडियों में सुचारू रूप से होना चाहिए। वहीं लिफ्टिंग का कार्य भी बेहतर तरीके से होना चाहिए।
इस मौके पर एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम विनेश कुमार, डीएफएससी अपार तिवारी, कार्यकारी अभियंता मार्किटिंग बोर्ड नवनीत श्योराण, डीएम हैफड दविन्द्र कुमार, वेयर हाउस से प्रदीप गुप्ता, डीएसपी विजय कुमार, मार्किट कमेटी सचिव दलेल सिंह, कविता नरवाल, एफसीआई के अधिकारी, खरीद एंजैसी के अधिकारी, मंडी एसोसिएशन से मक्खन गोयल, दूनी चंद के साथ-साथ सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे।