04/04/25

हिसार से होगी नशा मुक्त हरियाणा साइक्लोथॉन 2.0 अभियान की शुरुआत

चंडीगढ़, 04 अप्रैल (अभी) - हरियाणा से नशे के खात्मे के लिए कल 5 अप्रैल को हिसार से प्रदेश स्तरीय नशा मुक्त हरियाणा साइक्लोथॉन 2.0 अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस जागरूकता अभियान का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करेंगे।

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नशा मुक्त हरियाणा साइक्लोथॉन 2.0 अभियान के लिए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के गेट नंबर एक से फ्लेचर भवन (एचएयू प्रशासनिक ब्लॉक) का मार्ग चुना गया है। उन्होंने बताया कि हिसार जिला प्रशासन द्वारा राज्य स्तरीय साइक्लोथॉन के आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि हिसार से शुरू होकर यह यात्रा भिवानी जिले में प्रवेश करेगी। उन्होंने कहा कि यह साइक्लोथॉन महज एक खेल या इवेंट नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक क्रांति की शुरुआत है, जिसमें हजारों की संख्या में युवा, छात्र, पुलिस, सेना, एनसीसी, एनएसएस और समाज के सभी वर्गों से लोग भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हरियाणा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

प्रवक्ता ने बताया कि अब तक इस साइक्लोथॉन में हिसार जिले से 43 हजार से अधिक साइक्लिस्ट जुड़ चुके हैं और इस जिले मे आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों की यह सहभागिता हमें रिकॉर्ड की दिशा में ले जा रही है। कल का आयोजन पूरे प्रदेश में एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करेगा।

हिसार से शुरू होने वाली यह यात्रा 27 अप्रैल तक चलेगी और राज्य के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए सिरसा में समाप्त होगी। कल यात्रा हिसार से भिवानी जिले की ओर बढ़ेगी और लाडवा, सुल्तानपुर, उमरा, रतेरा, ढाणी किरवार, तोशाम, सागबान व बापोड़ा होते हुए आगे बढ़ेगी।

Previous

लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में 8 शिकायतों का हुआ निपटारा

Next

मुख्य सचिव रस्तोगी ने की सीडीएस तथा एनडीए परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा