पंजाब : अभी तक पाकिस्तान से लाैटे 1571 भारतीय, 1035 पाकिस्तानी गए
पंजाब, 04 मई (अभी): अमृतसर में अटारी सीमा पर शनिवार को पाकिस्तान वापस जाने के लिए पाकिस्तानी नागरिक नहीं पहुंचे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों में वीजा पर एक-दूसरे देश गए लोगों को वापस भेजने का क्रम शुरू किया गया था, लेकिन शनिवार को दोनों ही ओर से किसी भी नागरिक का आना नहीं हुआ। इसके चलते दोनों देशों की ओर से अटारी व वाघा सीमा पर गेट नहीं खोले गए। शाम को भारत में रिट्रीट सेरेमनी भी गेट बंद करके हुई। रिट्रीट सेरेमनी देखने के लिए भी रोजाना के मुकाबले बहुत ही कम दर्शक व पर्यटक थे।
अभी तक के रिकाॅर्ड के अनुसार पाकिस्तान से 1571 भारतीय वापस भारत आ चुके हैं जबकि भारत से 1035 पाकिस्तानी वापस अपने मुल्क जा चुके हैं। अब दोनों देशों ने एक-दूसरे देश आने जाने की समय सीमा समाप्त कर दी है। भारत सरकार के आदेशों के अनुसार अगर कोई पाकिस्तानी भारत में गैर कानूनी ढंग से रहता पाया जाता है तो उसे कानून के अनुसार तीन वर्ष की कैद या तीन लाख रुपये जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। अब सरकार की सुरक्षा एजेंसियां भारत में गैर कानूनी ढंग से छिप कर बैठ गए पाकिस्तानियों को पकड़ने का अभियान शुरू करेंगी।