एमडीयू रोहतक में पंडित श्रीराम शर्मा के नाम पर शोध पीठ की जाएगी स्थापित – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़,15 जनवरी (अभी): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को रोहतक में पंडित श्रीराम शर्मा पार्क स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में पंडित श्रीराम शर्मा की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान निर्माण सभा के सदस्य पंडित श्रीराम शर्मा के नाम पर एक शोध पीठ की स्थापना की जाएगी । साथ ही, मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र के लिए उनके महान योगदान को सम्मानित करने के लिए प्रदेश में एक विश्वविद्यालय /संस्थान का नाम पंडित श्रीराम शर्मा के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और भारत के स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष 1 अक्टूबर को उनकी जयंती भी मनाएगी। इस अवसर पर प्रदेश भर के स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, कविता लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे छात्रों को उनके जीवन और विचारों को जानने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पंडित श्रीराम शर्मा की प्रतिमा स्थल पर 30 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और उस स्थान के सौंदर्यीकरण करवाने की भी घोषणा की। पंडित श्रीराम शर्मा विचार मंच द्वारा रखी गई दो अन्य मांगों बहादुरगढ़ में स्थित पंडित श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन पर उनकी शौर्यगाथा लिखने तथा स्कूली पाठ्यक्रम में पंडित श्रीराम शर्मा की जीवनी को शामिल करने के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मांगें संबंधित विभागों को भिजवा कर पूरी करवायी जायंगी। उन्होंने पंडित श्रीराम शर्मा विचार मंच समिति के लिए 21 लाख रुपये के अनुदान की भी घोषणा की, ताकि उनके आदर्शों और मूल्यों के निरंतर प्रचार-प्रसार को बढ़ावा मिल सके।