बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, अचानक 10.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान; आज कैसा रहेगा मौसम?
चंडीगढ़, 04 जून (अभी): प्रदेश में नौतपा 10.7 डिग्री सेल्सियस ठंडा रहने के बाद मंगलवार को कई जिलों में देर शाम तेज आंधी चली। मौसम में परिवर्तन के साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूरे प्रदेश में वर्षा का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। हिसार में सुबह से ही मौसम में बदलाव रहा। वहीं, बुधवार को 15 जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव पांच जून तक रह सकता है।
वहीं, तेज आंधी से सिरसा, फतेहाबाद और हिसार के इलाकों में बिजली के खंभों को नुकसान हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग ने मौसम में बदलाव की संभावना व्यक्त की थी। सोमवार रात को पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने पर मंगलवार सुबह के समय बादल छाए रहे। शाम को फिर से मौसम में बदलाव हुआ।
रात को तेज आंधी चलने से गांवों में नुकसान हुआ है। काफी जगह पर एहतियातन बिजली सप्लाई को बंद करना पड़ा। वहीं मौसम विज्ञानियों की तरफ से बुधवार को भी प्रदेश के 15 जिलों में आंधी के साथ वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
आज इन जिलों में वर्षा की संभावना
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, जींद, सोनीपत, रोहतक में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।