20/03/25

पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश व प्रदेश ने तेजी से प्रगति की है - नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 20 मार्च (अभी) - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वे 27 मार्च को सदन में बजट पर जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि बजट को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी सदस्य उस दिन सत्र में अवश्य आएं और उनका वक्तव्य सुनें।

मुख्यमंत्री आज यहां विधानसभा में बजट सत्र के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 के बजट के बारे में सदन को गुमराह करने के विपक्ष के प्रयासों की आलोचना करते हुए इसे अनुचित बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य का बकाया ऋण निर्धारित सीमा के 6.67 प्रतिशत पर बना हुआ है, जो 2014-15 के स्तर पर ही था।

कांग्रेस द्वारा सदन में नॉन स्टॉप सरकार को फुल स्टॉप बताए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव में जनता ने कांग्रेस को फुल स्टॉप लगा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मौजूदा सरकार तीन गुना तेजी से आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश ने तीव्र गति से प्रगति की है। उन्होंने राज्य में सड़कों का जाल बिछाया है, हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की है, 20 किलोमीटर के दायरे में लड़कियों के लिए कॉलेज खोले हैं, अस्पतालों की क्षमता दोगुनी की है। इसके अलावा उन्होंने हर घर में नल और स्वच्छ जल पहुंचाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में महिलाओं को दो किलोमीटर दूर से सिर पर पानी ढोकर लाना पड़ता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने इस समस्या का समाधान कर दिया है और अब हर घर में नल के माध्यम से स्वच्छ जल पहुंचना सुनिश्चित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने के संकल्प के तहत वर्तमान में लगभग 5600 गांवों में निर्बाध बिजली आपूर्ति हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि हरियाणा इस संकल्प के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

पंजाब में शंभू और खनौरी बॉर्डर खोले जाने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान धरना स्थलों पर डटे हुए हैं। केंद्र सरकार भी किसानों से उनकी मांगों पर लगातार बातचीत कर रही है और इसके लिए और समय भी दिया है। लोगों को भी कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए।

नगर निगम चुनावों के बाद महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह पंचकूला में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के. मकरंद पांडुरंग और मीडिया सचिव श्री प्रवीण अत्रेय भी उपस्थित थे।

Previous

सोनीपत सिविल अस्पताल में जल्द शुरू होंगी एमआरआई और कैथ लैब सेवाएं: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

Next

400 दिन बाद खुला शंभू-अंबाला हाइवे, अम्बाला उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ लिया जायजा