03/01/25

सावित्री बाई फुले की जयंती पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी श्रद्धांजलि

चंडीगढ़,03 जनवरी (अभी) - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को सावित्री बाई फुले जयंती के अवसर पर बहादुरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान घोषणा करते हुए कहा कि माता सावित्री बाई फुले की जयंती को सरकारी स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सावित्री बाई फुले के सम्मान में हरियाणा सरकार ने राजकीय महिला कॉलेज, लोहारू, भिवानी का नाम माता सावित्री बाई फुले के नाम पर रखा है। उन्होंने बहादुरगढ़ हल्कावासियों को सौगात देते हुए कहा कि बहादुरगढ़ से आसौदा तक मेट्रो के विस्तार के प्रस्ताव पर राज्य सरकार द्वारा तीव्र गति से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ नगर परिषद को मानदंड पूरा होने पर नगर निगम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाइन पार फाटक पर अंडरपास के निर्माण, बहादुरगढ़ सड़क के नवीनीकरण, पुरानी कोर्ट के साथ लगती खाली पड़ी जमीन पर पार्क विकसित करने और पुराने बस अड्डे के साथ लगती खाली जमीन पर व्यायामशाला-योगशाला बनाने के संबंध में फिजिबिल्टी चैक करवाकर इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधूरे पड़े उत्तरी बाईपास के निर्माण तथा नई अनाज मंडी के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों को सरकार द्वारा नियमित किया जा चुका है और उनमें मुलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यदि ऐसी अनधिकृत कॉलोनियों की जानकारी मिलती है तो उन्हें भी मानदंड पूरा करवाकर नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड- 7 और 10 में छठ पूजा घाट बनाए जायंगे। मुख्यमंत्री ने बहादुरगढ़ के विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सावित्री बाई फुले केवल नाम नहीं, बल्कि नारी सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा की एक पूरी कहानी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को शिक्षित करने और सशक्त बनाने के लिए कृतसंकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर अथक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्रांति की अग्रदूत और महिला सशक्तिकरण की बुलंद आवाज श्रीमती सावित्री बाई फुले भारत की पहली महिला शिक्षिका ही नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र व्यक्तित्व और महिलाओं के अधिकारों की प्रणेता थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने महिलाओं को विधानपालिका में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब तक राज्य में 33 महिला पुलिस थाने खोले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में 5 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। अब तक 1 लाख 46 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। राज्य में ड्रोन दीदी योजना के तहत 5 हजार महिलाओं को ड्रोन पायलट का मुफ्त प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत राज्य सरकार 8 लाख रुपये तक की कीमत का ड्रोन मुफ्त देगी। अब तक 100 महिलाओं को ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण देकर मुफ्त ड्रोन दिए गए हैं।

Previous

पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार का भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार, इसराना खंड के बीडीपीओ सहित पांच अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त होने पर दिए सस्पेंड करने के निर्देश

Next

‘आप’ सरकार ने किसानों के हित में मौजूद केंद्र की योजनाओं को लागू होने से रोका – केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान